उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार में प्रधानमंत्री विशेष पैकेज की राशि 202.84 करोड़ से जैन, कांवरिया और गांधी परिपथ का विकास किया जा रहा है। राजगीर में 740.82 करोड़ की लागत से 90 एकड़ में अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स एकेडमी सह क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। शुक्रवार को मुख्य सचिवालय के सभागार में कला, संस्कृति, खेल और पर्यटन क्षेत्र के लोगों के साथ बजट पूर्व चर्चा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पटना संग्रहालय के विस्तारीकरण और नई दीर्घाओं के संयोजन 158 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। बैठक में मंत्री, कला, संस्कृति प्रमोद कुमार व मंत्री और पर्यटन कृष्ण कुमार ऋषिदेव ने भी अपनी बातें रखीं। बैठक में चक्षुकला, वाद्यकला, गायन, नाटक, रंगमंच, संग्रहालय, कबड्डी, बॉस्केटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, तैराकी, पैरा ओलिंपिक, कला फोटोग्राफी व पर्यटन क्षेत्र के लोगों ने अपनी सुझाव दिए।
बोधगया में 145.14 करोड़ की लागत से कल्चरल सेंटर मई तक
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 145.14 करोड़ की लागत से बोधगया में कल्चरल सेंटर का निर्माण कार्य इस साल मई तक पूरा करने की योजना है। वहीं आइकानिक टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए भारत सरकार द्वारा चयनित देश के 16 पर्यटक स्थलों में बोधगया के महाबोधि मंदिर को भी शामिल किया गया है। वैशाली से प्राप्त भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेष को प्रदर्शित करने के 314.09 करोड़ की लागत से बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है। इस संग्रहालय के केन्द्र में स्तूप व पार्श्व में दो बड़ी दीर्घाओं का निर्माण किया जा रहा है। अस्थि अवशेष को मूल रूप में प्रदर्शित करने के साथ ही भगवान बुद्ध के जीवन तथा उनके उपदेशों को विभिन्न माध्यमों के द्वारा प्रदर्शित किया जाएगा। यहां पर पुस्तकालय व मेडिटेशन सेंटर का निर्माण भी किया जा रहा है।