तीन दिनों के अंदर सात लोगों की मौत, चार गंभीर रूप से बीमार


सरिया थाना क्षेत्र के फकीरा पहरी गांव में बीते तीन दिनों में सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से बीमार हैं। जानकारी के अनुसार, 12 फरवरी को गांव के छठी महतो (50) की मौत हुई। उसके दूसरे दिन 13 फरवरी को अरविंद सिंह (42) व उर्मिला देवी (45) की मौत हो गई। जबकि 14 फरवरी को वासुदेव रजक (70) की मौत हो गई। वहीं 15 फरवरी शनिवार को अद्धेश्वर रजक (60) व मुकेश रजक (20), छट्ठू महतो (65) की मौत हुई। मृतकों में बासुदेव रजक (70) लंबे समय से बीमार थे, जबकि उर्मिला देवी कैंसर से पीडित थी। अन्य चार मृतकों के मरने से पहले अचानक सीने में दर्द, एक बार उल्टी हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां प्रारंभिक इलाज के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया।


अरविंद सिंह, छठी महतो, अधेश्वर व छट्ठू महतो को इलाज के लिए ले जाने के क्रम में मौत हो गयी। वहीं रिम्स में इलाज के दौरान मुकेश रजक की मौत हो गई। मृतक बासुदेव रजक व मुकेश रजक दादा पोता थे। मरने के बाद उक्त चारों का शरीर पीला पड गया था। बीमारों में महादेव तूरी (42), सुरेश रजक (45), विजय रजक, कालेश्वर रजक व बाबूलाल ठाकुर शामिल हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


 


डॉक्टर ने कहा- मौत के कारणों की जांच जारी
उधर, शनिवार को मामले की जानकारी उपायुक्त, सिविल सर्जन तथा एसडीएम सरिया को दी गई, जिसके बाद डॉक्टर विनय कुमार के नेतृत्व में एक मेडिकल टीम गांव पहुंची और मामले की जानकारी ली। मेडिकल टीम ने यहां लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। साथ ही पीड़ित लोगों को एंबुलेंस के माध्यम से सरिया देवकी अस्पताल व बगोदर अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान डॉक्टर विनय कुमार ने पत्रकारों से कहा कि दो लोगों की मौत पूर्व के बीमारी की वजह से हुई है। वहीं पांच अन्य की मौत जहरीले शराब के पीने की वजह से हुई है या कोई और वजह है, ये जांच का विषय है। उधर, स्थानीय विधायक विनोद कुमार सिंह ने उपायुक्त गिरिडीह से बात की और एक मेडिकल टीम गांव में भेजने का आग्रह किया।