राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 28 फरवरी को रांची आएंगे, सेंट्रल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे


राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर 28 फरवरी की शाम रांची पहुंचेंगे। यहां वे सेंट्रल यूनिवर्सिटी झारखंड के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इसके बाद राष्ट्रपति राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे। 29 फरवरी को राष्ट्रपति गुमला के विशुनपुर और फिर देवघर जाएंगे। उनके आगमन को लेकर तीनों स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। तीनों जगहों पर अतिरिक्त आईपीएस अधिकारी, डीएसपी और अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे। इससे पहले सितंबर 2019 में राष्ट्रपति तीन दिवसीय दौरे पर झारखंड आए थे।


28 फरवरी को राष्ट्रपति कोविंद सेंट्रल यूनिवर्सिटी के चेरी-मनातू स्थित नए कैंपस में आयोजित दीक्षांत समारोह में पहुंचेंगे। सेंट्रल यूनिवर्सिटी झारखंड का यह पहला दीक्षांत समारोह है। सेंट्रल यूनिवर्सिटी के वीसी डॉक्टर नंदकुमार यादव इंदु ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास विभाग के मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक से मिलकर उनसे बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल होने का आग्रह किया है। दीक्षांत समारोह के बाद राष्ट्रपति राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे। फिर 29 फरवरी को वे पहले गुमला के विशुनपुर और फिर देवघर जाएंगे। इस समारोह में लगभग 96 छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल दिए जाएंगे।


खराब मौसम के चलते रद्द हुआ था विशुनपर और देवघर का कार्यक्रम
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पिछले साल 28 से 30 सितंबर तक झारखंड के दौरे पर थे। खराब मौसम के कारण राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का गुमला और देवघर में आयोजित कार्यक्रम स्थगित हो गया था। राष्ट्रपति 28 सितंबर की शाम रांची पहुंचे थे। यहां राजभवन में उन्होंने रात्रि विश्राम किया था। गुमला के विशुनपुर में राष्ट्रपति कोविंद विकास भारती के तक्षशिला आश्रम जाने वाले थे। यहां वे महात्मा गांधी संग्रहालय का निरीक्षण करने वाले थे। इसके बाद वे विकास भारती के ज्ञान निकेतन में आदिम जनजाति के अनाथ बच्चों से भी मुलाकात करने वाले थे।


देवघर में बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा का था कार्यक्रम
गुमला में कार्यक्रम के रद्द होने के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का देवघर का भी कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। राष्ट्रपति और उनकी पत्नी देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा के लिए आने वाले थे। उनका मंदिर परिसर में भ्रमण का भी कार्यक्रम था। राष्ट्रपति ने 30 सितंबर को रांची विश्वविद्यालय के दीक्षांत समाराेह में पहुंचे थे।