दो दिवसीय दौरे पर 16 को झारखंड आएंगे उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, 17 को जाएंगे जमशेदपुर


उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू अपने दो दिवसीय दौरे पर रविवार को झारखंड आएंगे। रविवार को रांची यूनिवर्सिटी स्थित ऑडिटोरियम में वे भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे रांची में ही रात्रि विश्राम करेंगे। फिर सोमवार को उपराष्ट्रपति जमशेदपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। जहां वे टाटा स्टील के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। उपराष्ट्रपति के आगमन के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है।


उपराष्ट्रपति रविवार शाम 4:30 बजे रांची यूनिवर्सिटी के आर्यभट्ट ऑडिटोरियम में आयोजित आईआईएम के कार्यक्रम में पहुंचेंगे। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहेंगे। यहां उपराष्ट्रपति 'लीडरशिप, पॉलिसी एंड गवर्नेंस' विषय पर लेक्चर देंगे।


17 को जमशेदपुर में रहेंगे उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू टाटा स्टील के कार्यक्रम में भाग लेने 17 फरवरी काे जमशेदपुर आएंगे। मुख्य समाराेह एक्सएलआरआई में हाेगा। प्रशासन ने उनके दाैरे की तैयारी शुरू कर दी है। नायडू वायु सेना के हेलीकाॅप्टर से सुबह 10 बजे सोनारी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। इस दाैरान वे टाटा स्टील के सेंटर और शहर में आयोजित समारोह में शामिल होने के बाद दोपहर 03 बजकर 30 मिनट पर सोनारी एयरपोर्ट से रांची के लिए प्रस्थान करेंगे। सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर रहेंगे। आगमन के दौरान हर उस रास्ते पर सुरक्षा बल के जवान तैनात रहेंगे जहां से उनका काफिला गुजरेगा। सीसीटीवी से भी सुरक्षा की मॉनीटरिंग की जाएगी।